- Hindi News
- शारदीय नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री की पूजा
शारदीय नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री की पूजा
शुक्रवारसे शारदीय नवरात्र का आगाज हो गया। पहले नवरात्र पर मंदिरों में भारी संख्या में भक्तों की भीड़ रही। शहर भर के मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पूरे दिन माता के दर्शनों के लिए भक्तों का आना जाना लगा रहा। शहर के कई मंदिरों में भजन कीर्तन रामचरित मानस के पाठ का भी आयोजन किया गया। यादव कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित आरडी शास्त्री के अनुसार पहले नवरात्र के दिन माता शैलपुत्री की पूजा अर्चना की जाती है।
नवरात्र के पहले दिन माता की पूजा अर्चना और व्रत रखने से विशेष फल सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। चावला कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पथवारी माता के मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। दोनों मन्दिरों में शुक्रवार सुबह से ही भक्तों की कतारें लग गई। शिव मंदिर के पंडित प्रेमप्रकाश शास्त्री के अनुसार मंदिर में सुबह लगभग नौ बजे ज्योति प्रचंड की गई। इसके बाद सभी देवी-देवताओं की आरती की गई। नवरात्र के मौके पर कई सुहागिनों ने माता के चरणों में अन्य पूजन सामग्री अर्पण कर जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में ढोल मजीरे बजते रहे। मन्दिरों में भक्तों की भारी संख्या रही। भक्तों को असुविधा से बचाने के लिए मंदिर में काफी संख्या में सेवादार पुलिसकर्मी लगे रहे। यादव कॉलोनी स्थित श्री हनुमान मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन मां की ज्योति प्रकाश के लिए अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। सुबह नौ बजे पूजन हुआ। मन्दिर के पंडित आरडी शास्त्री के अनुसार मंदिर में रामचरित मानस का नवा परायण पाठ का आयोजन शुरू किया गया है। वहीं शाम को भजन कीर्तन का आयोजन हुआ करेगा। जगदीश कॉलोनी स्थित गोपाल मंदिर में भी भक्तों का तांता दिन भर लगा रहा। यहां के पुजारी ने बताया कि मंदिर में रोज शाम विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा अंबेडकर चौक स्थित हनुमान मन्दिर, मेन बाजार स्थित माता मन्दिर पंजाबी मोहल्ला स्थित माता के मन्दिर में भी नवरात्र को लेकर भक्तों की भीड़ रही।