- Hindi News
- उम्मीदवारों की हर गतिविधि पर आयोग की पैनी नजर
उम्मीदवारों की हर गतिविधि पर आयोग की पैनी नजर
विधानसभाचुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों की हर गतिविधि पर नजर रखनी शुरू कर दी है। निर्वाचन आयोग की ओर से फ्लाइंग स्क्वायड और स्टेटिक सर्विलांस टीमों के माध्यम से राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की प्रत्येक गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। इसके लिए जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैनात चुनाव खर्च पर्यवेक्षक द्वारा भी पूरी चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तैनात आयोग की इन टीमों द्वारा प्रतिदिन क्षेत्र से गुजरने वाले सभी वाहनों विशेषकर दूसरे प्रदेशों के वाहनों का निरीक्षण कर उनमें धन और शराब आदि ले जाने पर नजर रखी जा रही है। फ्लाइंग टीमों द्वारा भी पूरे क्षेत्र का दौरा कर गैर कानूनी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दहिया के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक हजारों वाहनों का निरीक्षण किया जा चुका है और यह निरीक्षण 15 अक्टूबर तक मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगा। फ्लाइंग स्क्वायड की टीमों की ओर से ऐसे सभी संभावित स्थानों पर नजर रखी जा रही है, जहां से मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए धन, शराब अन्य उपहार आदि के वितरण की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किसी भी गैर कानूनी गतिविधि की इजाजत नहीं दी जाएगी।
चुनाव के दौरान विभिन्न प्रत्याशियों राजनीतिक दलों द्वारा लगाए जाने वाले होर्डिंग, फ्लैक्स, पोस्टर और झंडे आदि का भी पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा और इन सभी की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के साथ-साथ प्रत्याशी के खर्च रजिस्टर से इनका मिलान किया जाएगा।