- Hindi News
- बच्ची गर्म पानी के टब में गिरी अस्पताल में भर्ती
बच्ची गर्म पानी के टब में गिरी अस्पताल में भर्ती
बल्लभगढ़| गांवसाहूपुरा में शनिवार सुबह 3 साल की बच्ची खेलते समय गर्म पानी के टब में गिरने से झुलस गई। बच्ची का शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल में दाखिल कराया। जहां चिकित्सक उसका इलाज करने में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार साहूपुरा निवासी मुकेश एक कंपनी में काम करते हैं। उनकी 3 वर्षीय पुत्री मनीषा शनिवार सुबह घर में खेल रही थी। इस दौरान मनीषा की मम्मी रोहिणी ने घरेलू कार्य के लिए पानी उबाल कर एक टब में रखा हुआ था। खेलते-खेलते अचानक मनीषा टब के पास पहुंच गई और टब में गिर पड़ी। गर्म पानी से उसके हाथ-पांव पेट बुरी तरह झुलस गए। उसकी चीख सुनकर रोहिणी दौड़कर आईं। बच्ची को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।