बल्लभगढ़ | जाकोराखे साइयां मार सके कोय। ऐसा ही वाक्या तिगांव में शुक्रवार रात हुआ। जहां डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर परिजनों को सौंप दिया था। श्मशान घाट में जाकर बच्चा जीवित हो उठा। इस घटना को ग्रामीण कुदरत का करिश्मा मान रहे हैं। वहीं कुछ लोग डॉक्टरों की जांच पर सवालिया निशान उठा रहे हैं। बच्चे को परिजन घर ले आए, बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।
तिगांव स्थित प्रजापति मोहल्ला निवासी नारायण के बेटे राहुल की पत्नी बबिता ने 16 जनवरी को बच्चे को जन्म दिया था। चार दिन बाद ठंड लगने से उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे सेक्टर-11 स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। निमोनिया के चलते अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे गुरुवार को मृत घोषित कर घर भेज दिया।
बच्चे को घर ले जाकर शुक्रवार को परिजन श्मशान घाट में दफनाने के लिए गए। अंतिम समय में जब श्मशान घाट में उसका कपड़ा हटाकर देखा गया तो बच्चा पूरी तरह से ठीक था। लोग यह देखकर हैरान रह गए। अब बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है और घर पर है। इसे ग्रामीण भगवान का चमत्कार बता रहे हैं।