आगजनी: आरोपी पकड़ने को तीन टीम
आदर्शनगर में मलेरना रोड पर शनिवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से स्टूडेंट की मौत के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमों का गठन किया है। ये आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्याथा मामला
मलेरनारोड पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने आठवीं कक्षा के छात्र गोपाल को कुचल दिया था। इसमें छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। चालक टैंकर को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया था। सूचना देने के काफी देर बाद जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो लोग भड़क गए। उन्होंने दुर्घटना को अंजाम देने वाले टैंकर को आग लगा दी। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी बाइक लेकर मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया था। लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया था। इसके बाद पुलिसकर्मी अपनी बाइक छोड़ कर भाग गए थे। लोगों ने पुलिस कर्मी की बाइक को आग के हवाले कर दिया था। इस बीच मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी लोगों ने आग के हवाले कर दिया था। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एसीपी चौकी इंचार्ज पर भी लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगाए रखा था। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल ने पहुंच कर लोगों को खदेड़ा था। इसके बाद पुलिस ने छात्र का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया था। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ साथ दंगा करने वाले लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया था। थाना सिटी के एसएचओ महाराज सिंह के अनुसार पुलिस ने घटना के बाद मौके से 9 लोगों को अरेस्ट किया था। उन्होंने इस मामले में शामिल 40 अन्य लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस से बचने के लिए ये लोग भूमिगत हो गए हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की 3 टीमें गठित की गई हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए ये टीमें आसपास के जिलों सहित उनके संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं।