ढाबों पर बस रोकी तो चालक परिचालक पर होगी कार्रवाई
हरियाणाराज्य परिवहन निगम की बसों को अब चालक निजी ढाबों पर नहीं रोक सकेंगे। ऐसा करने वाले चालक परिचालक के खिलाफ रोडवेज प्रबंधन कार्रवाई करेगा। हाल ही में इस संबंध में कई शिकायतें मिलने के बाद रोडवेज के महाप्रबंधक ने मनमाने ढंग से ढाबों पर बसों को रोकने वाले चालक परिचालकों के प्रति विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी जारी की है। महाप्रबंधक के इस फैसले से जहां यात्रियों की यात्रा सुविधाजनक होने की उम्मीद है। वहीं यात्रियों को औने-पौने दामों पर खाद्य सामग्री खरीदने से भी निजात मिल जाएगी।
^हरियाणा रोडवेज की बसों को प्राइवेट ढाबों पर रोकने की लगातार उनके पास शिकायतें रही थीं। लंबे रूटों पर चलने वाले चालक परिचालकों द्वारा अपनी मजबूरी जताकर बसों को निजी ढाबों पर रोकते थे। लेिकन अब ऐसा नहीं होगा। ऐसा करने वाले चालकों से जुर्माना वसूला जाएगा। -राजेशकुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज
रोडवेज महाप्रबंधक के पास शिकायत रही थी कि ढाबा मालिकों के साथ मिलीभगत कर रोडवेज बसों के चालक और परिचालक निजी ढाबों पर खाने-पीने के लिए बसें रोकते हैं। ढाबा मालिक चालक परिचालक को मुफ्त खाना खिलाते हैं। उन्हें सिगरेट, साबुन और कैश भी देते हैं। जबकि इस सेवा की एवज में ढाबा मालिक सवारियों के खाने-पीने के सामान को महंगे दामों में बेचकर यात्रियों को लूटते हैं। इससे यात्रियों का आर्थिक नुकसान होता है। इस बारे में कई यात्रियों ने रोडवेज के महाप्रबंधक को शिकायत दी। इससे उन्होंने अब चालकों को निजी ढाबों पर बस रोकने की मनाही कर दी है। आदेश लिखकर डिपो कार्यालय में चस्पा कर दिए गए है। आदेशानुसार प्राइवेट ढाबों पर बसों को रोकने वाले चालक परिचालक पर एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। ड्राइवर बसों को सरकार द्वारा निर्धारित बस अड्डों पर ही रोक सकेंगे। यात्रियों के खाने-पीने के सामान के लिए रोडवेज ने रूट के अनुसार स्थान निर्धारित किए हैं।