- Hindi News
- नगीना को सीनियर सेकंडरी स्कूल का तोहफा मिलने से खुशी
नगीना को सीनियर सेकंडरी स्कूल का तोहफा मिलने से खुशी
भास्कर न्यूज | फिरोजपुर झिरका
चुनावीआचार संहिता से पहले मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने मेवात जिले के कस्बा नगीना को बालिका सीनियर सेकंडरी स्कूल की सौगात दी है। अपग्रेडेशन की मंजूरी को 2015-16 के बजट में शामिल करने का प्रावधान है। 11वीं एवं 12वीं की कक्षाएं अप्रैल 2015 से प्रभावी होंगी। इसकी पुष्टि हरियाणा शिक्षा विभाग की वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव सुरीना राजन ने की है। क्षेत्र के लोगों ने खुशी में मिठाइयां बांटकर आरटीआई मंच के अभियान को सराहा है।
क्षेत्र के लोगों ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, परिवहन एवं पर्यटन मंत्री आफताब अहमद, वित्त आयुक्त सुरीना राजन का धन्यवाद किया है। 1977 में कस्बा नगीना में कन्या मिडल स्कूल की शुरुआत हुई थी। एक दिसम्बर 1981 में यहां कक्षाएं लगनी शुरु की गई। लोगों की मांग पर सरकार ने 1986-87 में गर्ल हाई स्कूल की कक्षाएं यहां लगाने की औपचारिक अनुमति दे दी थी और कक्षाएं एक अप्रैल 1987 से सत्र आरंभ हो गया।
स्कूल अपग्रेड कराने के लिए आरटीआई मंच, जागो चलो के बैनर तले 23 से 28 फरवरी तक दर्जनों गांवों के लोगों ने आमरण अनशन धरना प्रदर्शन किया था।
सरकार ने दर्जा बढ़ाने का आश्वासन दिया था। 14 अक्टूबर 2013 को रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल का रास्ता रोककर लोगों ने मांग की थी। आरटीआई मंच के संयोजक राजुद्दीन ने बताया कि स्कूल को 12वीं का दर्जा मिलने से लड़कियों के ड्रॉप आउट में कमी आएगी। जो लड़कियां उच्च शिक्षा से महरूम रह जाती थीं, उन्हें अब आगे पढ़ने का पूरा मौका मिल जाएगा।
वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव सुरीना राजन ने बताया कि नगीना कस्बे के बालिका हाई स्कूल को दो दिन पहले मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार ने अपग्रेड कर दिया है। 1 अप्रैल 2015 से 11वीं एवं 12वीं की कक्षाएं साइंस फैकल्टी के साथ लगनी शुरू हो जाएगी।