पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीन एनजीओ को दिए 10.35 लाख ऋण

तीन एनजीओ को दिए 10.35 लाख ऋण

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | नूंह/गुड़गांव

मेवातविभाग अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं डीसी अशोक सांगवान ने बुधवार को स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को लघु ऋण योजना के तहत चेक वितरित किए। इस दौरान उन्होंने 3 स्वयं सहायता समूहों की 23 महिलाओं को 10 लाख 35 हजार रुपए के ऋण वितरित किए। डीसी ने स्वयं सहायता समूहों की मुखिया सदस्यों से कहा कि इस ऋण का पूरा लाभ उठाएं। इससे वे अपना कोई स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस प्रकार के छोटे-छोटे ऋण से अनेक कार्य घर पर ही शुरू किए जा सकते हैं, जो आमदनी का जरिया बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए एमडीए की ओर से गरीब लोगों को आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि यहां के लोग अपनी आजीविका के साधन जुटाकर आत्मनिर्भर बन सकें तथा बच्चे रोजगारपरक शिक्षा की ओर अग्रसर हो सकें। सांगवान ने बताया कि मेवात विकास अभिकरण की ओर से 2009-10 से अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम की ऋण योजनाओं को क्रियान्वित कर रहा है।

इस योजना के तहत मेवात क्षेत्र के अल्पसंख्यक वर्ग के कमजोर लोगों को स्वरोजगार के लिए आवधिक ऋण, लघु ऋण एवं शैक्षिक ऋण रियायती दरों पर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत अब तक 3 हजार 308 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है, जिसमें 405 महिला स्वयं सहायता समूह शामिल हैं।



इस अवसर पर एमडीए के परियोजना प्रबंधक आरके श्रीवास्तव परियोजना अधिकारी अजीत सिंह रावत एवं स्वयं सहायता समूह की मुखिया सदस्य उपस्थित थे।