- Hindi News
- गाड़ी के सभी टायर ले गए चोर, सीसीटीवी में कैद
गाड़ी के सभी टायर ले गए चोर, सीसीटीवी में कैद
चावलाकाॅलोनी में घर के बाहर खड़ी एक एडवोकेट की गाड़ी से चोर मंगलवार रात चारों टायर ले गए। चोरों और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी की फुटेज घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। टायर चोरी होने की सूचना चावला काॅलोनी पुलिस चौकी को दी गई है। चावला कालोनी में जोगिन्द्र सिंगला अपने परिवार के साथ रहते हैं।
वह सेक्टर-12 में वकालत करते हैं। उन्होंने अपनी वैगन आर गाड़ी को रोज की तरह मंगलवार रात को घर के बाहर खड़ा कर दिया था। रात करीब दो-ढाई बजे घर के लोगों को बाहर कुछ खटपट की आवाज सुनाई दी, तो वह उठकर बाहर आए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनकी गाड़ी के टायरों को खोलकर दूसरी गाड़ी में डाल रहे हैं। उन्होंने शोर मचाया तो चोर गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। परिवार आस पड़ोस के लोग शोर सुनकर बाहर आए। उन्होंने देखा कि गाड़ी टायरों की जगह ईंटों पर टिकी थी। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। उसने मौके पर पहुंचकर जांच की। इन दिनों शहर में गाड़ियों से टायर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। दो दिन पूर्व सेक्टर-7 में एक घर के बाहर खड़ी गाड़ी के टायर चोरी हो गए थे। पुलिस के मुताबिक इस काम को मेवात का कोई गिरोह अंजाम दे रहा है। ये लोग गाड़ी लेकर रात के समय गलियों तथा हाइवे पर घूमते हैं। ये लोग अपने साथ गाड़ी के नीचे लगाने के लिए ईंटें एवं टायर खोलने के लिए औजार रखते हैं। चंद मिनट में गाड़ी के चारों टायर खोलकर फरार हो जाते हैं। सिटी थाना प्रभारी महाराज सिंह के अनुसार रात के समय कालोनियों में गश्त बढ़ाई जाएगी।