- Hindi News
- आर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा: एसआईटी के तीन सदस्य नागालैंड रवाना
आर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा: एसआईटी के तीन सदस्य नागालैंड रवाना
फर्जीवाड़े को लेकर करेंगे तफ्तीश, मेवात के बिचौलियों पर भी रखेंगे नजर
चिह्नित लोगों के खिलाफ जांच कर दर्ज होगा मामला
आशीषपाण्डेय | गुड़गांव
नागालैंडआर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा मामले में गुड़गांव पुलिस फिर सक्रिय हो गई है। मामले की जांच कर रही एसआईटी के तीन सदस्य सोमवार की सुबह नागालैंड रवाना हो गए हैं। ये लोग वहां पूरे मामले की पड़ताल करेंगे। मामले की शुरुआती जांच में मेवात के कुछ युवकों की भूमिका बिचौलियों के रूप में होने का पता चला था। नागालैंड दौरे में उनकी भूमिका पर भी नजर रखी जाएगी। यही नहीं इस मामले में नागालैंड सरकार से सहयोग भी मांगा जाएगा। इसके पहले भी नागालैंड से आर्म्स लाइसेंस बनाकर गुड़गांव में हथियार रखने के मामले में नागालैंड सरकार का समुचित सहयोग नहीं मिला था। गुड़गांव पुलिस ने नागालैंड में रहने वाले अस्थाई हरियाणा निवासियों को आर्म्स लाइसेंस जारी करने पर पाबंदी लगाने के लिए एक लेटर भेजा था। लेकिन, नागालैंड सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला था।
आर्म्सएक्ट के तहत दर्ज होगा मामला: एसीपीक्राइम राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले को गुड़गांव पुलिस ने गंभीरता से लिया है। बीते रविवार को दोबारा मामला संज्ञान में लाने पर इस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। क्राइम ब्रांच के जो सदस्य एसआईटी में शामिल थे, उनमें से तीन को नागालैंड रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि गुड़गांव में नागालैंड से ऑल इंडिया आर्म्स लाइसेंस बनाकर हथियार रख रहे 86 लोगों की पहचान हुई थी। पुलिस की सख्ती पर 55 लोगों ने अपने हथियार नजदीकी थाने में जमा करा दिए थे। इन लोगों के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल राजेंद्र पार्क थाने में एक मामला दर्ज किया गया है, जिसकी जांच चल रही है।