पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डीसी ने समय पर टारगेट पूरा करने के दिए निर्देश

डीसी ने समय पर टारगेट पूरा करने के दिए निर्देश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नूंह/गुड़गांव। मेवात उपायुक्त अशोक सांगवान ने गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अंतर्गत चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने टारगेट तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। लघु सचिवालय के सभागार में जिले के सभी ग्राम सचिवों, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की ओर से समय-समय पर मिलने वाले विकास कार्यों से संबंधित टारगेट पूरे किए जाएं। ग्राम सचिवों खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों से कहा कि गांवों में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के तहत विभिन्न कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों को समय पर पूरा करना हमारी जिम्मेवारी है, ताकि लोगों को भी इन कार्यों का समय पर लाभ मिल सके।

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अंजू चौधरी ने बताया कि इंदिरा गांधी आवास योजना, प्रियदर्शिनी आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं से संबंधित अधिकारी तय समय में अपने टारगेट पूरे करें। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि वे इन योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति रिपोर्ट रोजाना शाम 5 बजे तक उनके कार्यालय में प्रस्तुत करें। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इस वित्त वर्ष में स्वच्छ भारत मिशन के तहत पहले 10 हजार शौचालय बनाने का लक्ष्य था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 23 हजार कर दिया है। इस लक्ष्य के अनुसार शौचालय बनाने के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मार्च तक इस टारगेट को पूरा किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने अन्य स्कीमों के टारगेट भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
(फोटो- लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में मौजूद ग्राम सचिव, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी एडीसी अंजू चौधरी को सुनते हुए)