पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 16 फरवरी को छह जिलों के 15 हजार पंच लेंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ

16 फरवरी को छह जिलों के 15 हजार पंच लेंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायतचुनावों में गुड़गांव मंडल के जिलों में निर्वाचित पंचों का शपथ ग्रहण समारोह 16 फरवरी को आयोजित होगा। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर 2 बजे के बाद सेक्टर-29 के हुडा मैदान में मंडल के सभी 6 जिलों में नवनिर्वाचित पंचों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रदेश सरकार के कार्यक्रम के मुताबिक पंचों को हरियाणा के कृषि एवं पंचायत मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ शपथ दिलाएंगे। इस दौरान सभी पंचों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ स्वच्छ भारत अभियान की सफलता को लेकर भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में गुड़गांव मंडल के जिलों में निर्वाचित विधायकों तथा मंत्रीगण को भी आमंत्रित किया गया है। एक अनुमान के अनुसार मंडल के सभी जिलों से नियुक्त पंचों की संख्या लगभग 15 हजार है। इनमें जिले से 1954, रेवाड़ी से 3240, महेंद्रगढ़ से 3290, फरीदाबाद से 1304, पलवल से 2603 तथा मेवात के 3457 पंच शामिल हैं। इन सभी 6 जिलों में पंच पद पर 5306 महिलाएं निर्वाचित हुई हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ड्यूटियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सफाई की व्यवस्था हुडा नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने आने वाले लोगों के लिए पब्लिक टॉयलेट का प्रबंध नगर निगम करेगा। इस समारोह के लिए दो स्टेज बनेंगे, जिसमें एक मुख्य स्टेज होगा और दूसरा स्टेज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाया जाएगा। यह भी बताया गया कि पंडाल में पंचों के लिए बैठने की व्यवस्था जिलावार होगी और प्रत्येक जिला के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने पंचायत विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे लैजरवैली ग्राउंड को आने वाले सभी रास्तों पर साइन बोर्ड लगवाएं ताकि अन्य जिलों से आने वाले लोगों को असुविधा ना हो। बैठक में यह भी बताया गया कि समारोह में आने वाले पंचों के वाहनों की पार्किंग के लिए तीन स्थल बनाए जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के दिन ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी गुड़गांव पुलिस की रहेगी।

प्रदेश सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है। पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जिला परिषदों पंचायत समिति के सदस्यों को 12 फरवरी को सुबह 11 बजे करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। जबकि सभी नवनिर्वाचित सरपंचों को भी 15 फरवरी को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री रोहतक में शपथ दिलाएंगे।

खबरें और भी हैं...