- Hindi News
- साधन संपन्न लोग कमजोर तबके की मदद के लिए आगे आएं : पांडुरंग
साधन संपन्न लोग कमजोर तबके की मदद के लिए आगे आएं : पांडुरंग
साधनसम्पन्न लोगों को समाज के कमजोर तबकों के लोगों के हितों के लिए स्वेच्छा से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। यह बात सोमवार को केएम पांडुरंग ने अपने कार्यालय में औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही बैठक में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन पलवल, चैम्बर ऑफ कॉमर्स तथा जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में औद्योगिक संस्थानों की समस्याओं को लेकर डीसी ने उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से गहनता से चर्चा कर उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रशासन द्वारा उनकी सभी मूलभूत समस्याओं का निदान करने का प्रयास किया जाएगा।
डीसी ने उद्योगपतियों से कहा कि वे कॉरपोरेट, सोशल रिस्पांसबिलिटी के माध्यम से जिले के सामाजिक कार्यों में अपनी शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा वे प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जरूरतमंदों को शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा, पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था, सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा वे स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक तथा रचनात्मक कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। पलवल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों के लिए कम्प्यूटर ट्रेनिंग, लड़कियों के लिए कढ़ाई-सिलाई सेन्टर आदि सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
उन्होंने डीसी से अनुरोध किया कि वे एसोसिएशन को भूमि उपलब्ध करा दें तो एसोसिएशन उस पर सुविधा केन्द्र स्थापित कर जरूरतमंद लोगों को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकेगी। डीसी ने संयुक्त निदेशक जिला उद्योग केन्द्र एसपी भुक्कल को निर्देश दिए कि वे इस सीएसआर प्रोग्राम में बड़ी इकाइयों को भी शामिल करने के लिए प्रयास करें। बैठक में उद्योगपतियों सहित इंडस्ट्रियल एसोसिएशन तथा चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।