- Hindi News
- छात्र छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान
छात्र-छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान
विधानसभाचुनाव के मद्देनजर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करने तथा मतदान में पूरी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को महात्मा गांधी सामुदायिक केन्द्र एवं पंचायत भवन में एडीसी वीएस हुड्डा ने व्यवस्थित मतदान शिक्षा एवं चुनाव भागीदारी के तहत एक बैठक की अध्यक्षता की। इसमें पलवल तथा पृथला ब्लाक के सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा प्रवक्ताओं ने भाग लिया
बैठक में एसडीएम पलवल जितेन्द्र दहिया भी मौजूद थे। हुड्डा ने शिक्षकों से कहा कि वे छात्र-छात्राओं को प्रेरित करें कि वे अपने अभिभावकों, आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों तथा अपने संबंधियों को मताधिकार के महत्व के बारे में बताएं। उन्हें चुनाव के दौरान अपना वोट डालने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा भारत के संविधान में हमें अपनी सुरक्षा के लिए सभी अधिकार प्रदान किए गए हैं। इन अधिकारों में हमें संविधान के अनुसार मत देने का अधिकार भी शामिल है। एक बेहतर व्यवस्था के लिए सभी नागरिकों को अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए क्योंकि हमारे मत से ही जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तथा हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मजबूत सरकार का गठन होता है। उन्होंने कहा हमें बेहतर व्यवस्था के लिए अपनी सोच में परिवर्तन कर अधिक से अधिक मतदान करने के लिए आगे आना होगा।
बैठक को एसडीएम पलवल जितेन्द्र दहिया ने भी संबोधित किया। इस दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, एडीसी कार्यालय के परियोजना अधिकारी ओमबीर सिंह तेवतिया, अतिरिक्त परियोजना अधिकारी पदम सिंह ढाडा, अतिरिक्त परियोजना अधिकारी नवीन शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।