- Hindi News
- रोडवेज ने बंद की महिला बस सेवा, छात्राएं परेशान
रोडवेज ने बंद की महिला बस सेवा, छात्राएं परेशान
भास्कर न्यूज | फिरोजपुर झिरका
महिलाओंकी सुरक्षा के लिए एक ओर जहां पूरे देश में आवाज बुलंद हो रही हैं, वहीं मेवात में महिलाओं की उपेक्षा हो रही है। चिंता की बात है कि मेवात में महिलाओं के लिए तीन महीने पहले शुरू की बस सेवा अब बंद कर दी गई है। सरकारी बस सर्विस बंद किए जाने के चलते मेवात की छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। मजबूरी में छात्राओं को ऑटो और मैक्सी कैब में धक्के खाने पड़ रहे हैं। गौरतलब है कि महिला शिक्षा के मामले में प्रदेश में सबसे पिछड़े मेवात में परिवहन व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के चलते अधिकतर लड़कियां अपनी पढ़ाई अधर में ही छोड़ देती हैं। इसी लिए महिलाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए फिरोजपुर झिरका की तात्कालिक एसडीएम मीनाक्षी राज गोयल ने फिरोजपुर झिरका से नूंह जेबीटी कॉलेज और आम महिलाओं के सफर के लिए सोहना तक एक महिला स्पेशल बस चलवाई थी। तीन महीने तक यह बस चली, जिसका महिलाओं ने जमकर लाभ उठाया। महिलाओं ने इसे अनूठा प्रयास बताया था, लेकिन अब जिला रोडवेज विभाग ने इसे घाटे का सौदा बताते हुए बस सर्विस बंद कर दी है।
बससेवा की खास बातें
रोजपुरझिरका से नूंह जेबीटी कॉलेज होते हुए यह बस सोहना तक का सफर तय करती थी। बस में स्कूली छात्राओं के अलावा केवल महिला यात्री ही सफर करती थी। सुरक्षा के मद्देनजर बस में पुलिस कर्मी तैनात रहते थे। बस का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक निर्धारित था।
क्या कहती हैं छात्राएं
नूंहके फिरोजपुर नमक स्थित जेबीटी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा कुसुम, सोनिया, सोनम, सुषमा तथा दीपा रानी का कहना है कि महिला स्पेशल बस के बंद होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस के बंद होने के कारण उन्हें मजबूरन छोटे निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है जहां उनके साथ छेड़खानी की आशंका बनी रहती हैं। हालांकि छात्राओं का कहना है कि उन्होंने परिवहन विभाग से अपने पास बनवाने के लिए कई बार कहा है लेकिन विभाग के अधिकारी उनके पास बनाने को तैयार नहीं है।