- Hindi News
- तीसरी बार कई थानों के प्रभारियों का तबादला
तीसरी बार कई थानों के प्रभारियों का तबादला
पुलिसकमिश्नर नवदीप सिहं विर्क ने तीसरी बार कई थाना प्रभारियों को बदला है। बदलाव के बाद उन इंस्पेक्टरों को थाना इंचार्ज बनाया गया है जो गुड़गांव में पहले थाना प्रभारी लंबे समय तक रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें दूसरे जिलों में भेज दिया गया था। लेकिन बीजेपी सरकार आने के बाद उन्हें फिर गुडग़ांव में वापसी करने का मौका मिल गया।
व्यवस्था को चौकस बनाए जाने के क्रम में मंगलवार शाम जारी की गई सूची के अनुसार इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को थाना प्रभारी राजेंद्र पार्क लगाया गया है। वहीं इंस्पेक्टर नरेश यादव को सेक्टर दस थाने की जिम्मेवारी दी गई है। इस थाने के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर दीपक को क्राइम ब्रांच-8 का प्रभारी बनाया गया है। मेवाती गैंग से टक्कर लेने के लिए चर्चित इंस्पेक्टर डा. सुनील को मेवात से सटे सोहना थाना की जिम्मेवारी सौंपी गई है। वह पहले सोहना क्राइम ब्रांच में तैनात रह चुके हैं। इंस्पेक्टर सूबे सिंह को उद्योग विहार का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। सूबे सिंह भी पहले कई थाने का काम काज कर चुके हैं। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को मेट्रो थाने की जिम्मेवारी दी गई है। यहां की जिम्मेवारी इंस्पेक्टर अरविंद्र के पास थी। इंस्पेक्टर मुकेश को इंस्पेक्टर विशाल की जगह सिविल लाइन थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। विशाल को आर्थिक अपराध जांच शाखा वेस्ट का प्रभारी बनाया गया है। इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह चौहान को साइबर सेल प्रभारी तथा इंस्पेक्टर ब्रिजेंद्र सिंह को फर्रुखनगर का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। अधिकतर थानों के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर का दूसरे जिले में तबादला हो गया है। वहीं गुड़गांव के लिए तबादला किए गए कई इंस्पेक्टरों को अभी पहली वाली जगह से रिलीव नहीं किया गया है। उनके आने के बाद फिर से कई थानों में बदलाव होने की संभावना है।