- Hindi News
- तीन महीने से पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन
तीन महीने से पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन
तीन दिन में पेयजल व्यवस्था सुधारने के आश्वासन पर महिलाएं हुईं शांत।
भास्करन्यूज | सोहना/गुड़गांव
सोहनाशहर के वार्ड-6 मोहल्ला कायस्थवाड़ा में तीन महीने से पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं का सोमवार को सब्र का बांध टूट गया। वे नारेबाजी करती हुईं पब्लिक हेल्थ के सोहना सब डिवीजन कार्यालय में पहुंचीं। महिलाओं के हो-हल्ले को सुनकर वहां मौजूद जेई खुर्शीद चुपके से भाग निकले। महिलाओं ने कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद जल अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ प्रेम सिंघल मोहल्ला कायस्थवाड़ा में आए। तब पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने विभाग को तीन दिन की मोहलत देते हुए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मोहल्ले और वार्ड में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वार्ड की महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी। वे सब डिवीजन और डिवीजन कार्यालय पर मटका फोड़ प्रदर्शन करेंगी।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि यहां पब्लिक हेल्थ के सब डिवीजन कार्यालय में तैनात एक जेई पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय पूरे दिन कार्यालय से गायब रहते हैं। जल अभियांत्रिकी विभाग के सोहना में तैनात जेई, एसडीओ और एक्सईएन में से कोई भी अधिकारी रात्रि में स्टेशन पर नहीं रहते हैं। महिलाओं ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि तीन दिनों में वार्ड में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सेवा बहाल नहीं की गई तो वार्ड की महिलाएं पब्लिक हेल्थ के डिवीजन सब डिवीजन कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगी। जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर बार झूठा आश्वासन मिला है, लेकिन अब वह चुप नहीं बैठेंगी। मई माह से उन्हें पेयजल किल्लत झेलनी पड़ रही है। एसडीओ प्रेम सिंह का कहना है कि बोर के पाइप में लीकेज होने से पानी की समस्या बनी है, जिसे जल्द ठीक कर दिया जाएगा।