हजकां ने 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी
हरियाणाजनहित कांग्रेस (बीएल) पार्टी ने गुरुवार को गुड़गांव-मेवात जिलों की सात सीटों में से पांच पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इनमें गुड़गांव से कन्हैया लाल पाहवा (गोप भाई), सोहना से पलक वर्मा, पटौदी से राजेश बाल्मीकि शामिल हैं। जबकि बादशाहपुर से टिकट की घोषणा नहीं की है।
मेवात जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में से दो सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। नूंह से हनीफ फिरोजपुर झिरका से फकरुद्दीन को मैदान में उतारा है। मेवात के तीसरे विधानसभा क्षेत्र पुन्हाना से भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। गुड़गांव-मेवात जिलों से एक-एक सीट पर नामों की घोषणा नहीं किए जाने से कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दोनों सीटों पर हरियाणा जन चेतना पार्टी (वी) द्वारा उम्मीदवार खड़े किए जा सकते हैं। इस चुनाव में दोनों पार्टियों का गठबंधन है।
सोहनामें पहली बार किसी पार्टी ने उतारा महिला को मैदान में : सोहनाविधानसभा क्षेत्र से पलक वर्मा पहली महिला प्रत्याशी हैं। हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद से अभी तक के विधानसभा चुनावों में पहली बार कोई महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। किसी पार्टी की टिकट ही नहीं बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी अब से पहले कोई महिला सोहना विधानसभा चुनाव नहीं लड़ी है। अब देखना यह है कि यह पहली महिला प्रत्याशी का क्षेत्र में किस तरह का प्रदर्शन रहता है।
गुड़गांवपटौदी से पुराने उम्मीदवारों पर जताया भरोसा : हरियाणाजनहित कांग्रेस सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने गुड़गांव पटौदी में 2009 में हजकां की टिकट चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों पर विश्वास जताया है। पाहवा पिछले विधानसभा चुनाव में हजकां की टिकट पर गुड़गांव से चुनाव लड़े थे। उन्हें महज 4674 वोट पर संतोष करना पड़ा था। इसी तरह से पटौदी से प्रत्याशी राजेश बाल्मीकि को 1226 वोट मिले थे।