डिस्काउंट पर सामान देने के नाम पर ठगी
घरेलूसामान पर 50 परसेंट डिस्काउंट देने के नाम पर एक कंपनी के कर्मचारी लाखों रुपए की ठगी करके फरार हो गए। कंपनी की तरफ से एक ऑफिस सोहना रोड लाल कोठी के पास बनाया गया था। करीब डेढ़ माह पहले खुली एक शॉप से सैकड़ों लोग जुड़ गए। शॉप अचानक बंद होने के बाद मंगलवार को ठगी का शिकार हुए लोगों ने हंगामा किया और जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही संजय कॉलोनी पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी आए और लोगों को शांत किया। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर सीएम तक भेज दी गई है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द अरेस्ट किए जाने और उनका पैसा वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैसे हुए ठगी का शिकार
गौंछी निवासी सुरेश तोमर, श्रवण कुमार, जीवन नगर गौंछी निवासी पारस संजय कॉलोनी निवासी नेपाल सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले सोहना रोड, लाल कोठी के पास मारुति होम नीड्स नाम से एक कंपनी ने शॉप खोली थी। इस शॉप में काम करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों ने उनको बताया था कि यहां किचन से लेकर घर में इस्तेमाल होने वाला सभी प्रकार का सामान मिलता है। उनको यह भी बताया गया सामान लेने पर 50 परसेंट की छूट मिलेगी। शॉप के नियम के अनुसार पैसा जमा करने के 12 दिन बाद सामान मिलता था। इस कारण इस शॉप से काफी लोग जुड़ने लगे। कुछ ही दिनों में सैकड़ों लोगों ने यहां से लाखों रुपए का माल खरीद लिया। सुरेश तोमर ने बताया कि मंगलवार को जिन लोगों के 12 दिन हो गए, वे शॉप पर अपना सामान लेने पहुंचे। शॉप उस समय बंद मिली। शॉप के कर्मचारियों का फोन भी बंद था। इसके बाद लोगों को शक हो गया कि शॉप के कर्मचारी फरार हो गए हैं। इस कारण लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और रोड जाम कर दिया। नेपाल सिंह, सुरेश तोमर का कहना है कि उनका पैसा उनको मिलना चाहिए। यहां काफी गरीब आदमी ऐसे हैं जिन्होंने मुश्किल से सामान देने के लिए पैसा दिया था।
फरीदाबाद. सोहना रोड पर हंगामा करते लोग।
फरीदाबाद. संजय कालोनी सोहना रोड पर सील दुकान।