अजय जिला केसरी और अंकित जिला कुमार बने
सोहनाके देवीलाल स्टेडियम में जिला कुमार जिला केसरी के दंगल का बुधवार को समापन हुआ। जिला केसरी के मुकाबले में अजय लाखूवास ने स्वरूप पहलवान को पटखनी देकर खिताब हासिल किया। दूसरे स्थान पर स्वरूप पहलवान रहे। इसके बाद जिला कुमार के लिए कुश्ती हुई, जिसमें अंकित पहलवान ने बाजी मारी और बृजेश झाड़सा को शिकस्त दी। तीन दिवसीय जिला केसरी जिला कुमार के लिए हुए दंगल में करीब 200 पहलवानों ने हिस्सा लिया, जिनमें अलग-अलग वर्गों में छोटे पहलवानों से लेकर सुपर हेवी वेट की कुश्तियां हुईं। बुधवार को फाइनल जिला कुमार केसरी के लिए हुआ। सेमीफाइनल में अंतरराष्ट्रीय पहलवान दुष्यंत दलाल को अजय से मिली शिकस्त काफी रोचक रही। कुश्ती प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बीएसएफ के स्पोर्ट्स ऑफिसर बलविंदर सिंह मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बेहतर पहलवान बीएसएफ में स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती हो सकते हैं, इसके लिए उन्हें अप्लाई करना चाहिए।