- Hindi News
- नहरी पानी चोरी रोकने पर बेलदार पर कस्सी से वार
नहरी पानी चोरी रोकने पर बेलदार पर कस्सी से वार
गांवचूली बागड़ियान में नहरी पानी चोरी रोकने पर 58 वर्षीय बेलदार मनीराम को एक किसान ने कस्सी से वार कर घायल कर दिया। घायल बेलदार को उपचार के लिए आदमपुर के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया, जिसके बाद परिजन उसे अग्रोहा मेडिकल ले गए। पुलिस ने आरोपी गांव चूली बागड़ियान निवासी विनोद के खिलाफ धारा 379, 430, 332, 353, 186 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
गांव खाबड़ा खुर्द निवासी बेलदार मनीराम पुत्र श्योराम ने बताया कि उसकी ड्यूटी ओल्ड चूली माइनर पर है। बुधवार सुबह सात बजे जब वह माइनर को संभालने गया तो गांव चूली बागड़ियान निवासी विनोद पुत्र बहादुर सिंह माइनर से पंप लगाकर नहरी पानी चोरी कर रहा था। यह देख बेलदार ने किसान को ऐसा करने से रोका तो उसने मनीराम की कस्सी से वार कर दी। यह देख बेलदार ने शोर मचाया तो किसान उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से भाग गया। बाद में सूचना मिलने पर जेई राजेश और आदमपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
नकाबपोश युवकों ने दो भाइयों को डंडों से पीटा
अग्रोहा| अग्रोहाचौक पर कपड़े की दुकान चला रहे दो सगे भाइयों को आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने डंडों से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया है। दोनों भाइयों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में दाखिल कराया गया। पुलिस ने घायलों के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। नंगथला निवासी अजय ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई सुमित अग्रोहा चौक पर अग्रसेन मार्केट में कपड़े की दुकान चलाते हैं। बुधवार को करीब 12 बजे दो बाइकों पर सवार होकर छह नकाबपोश युवक आए और दुकान में घुस गए। दोनों भाइयों पर डंडों से हमला बोल दिया। शोर सुनकर अन्य दुकानदार आए तो बदमाश वहां से भाग निकले। बाद में अन्य दुकानदारों ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में दाखिल कराया। पुलिस ने घायलों के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।