अटेली को रेल बजट से हैं बड़ी अपेक्षाएं
रिजर्वेशन कार्यालय सहित गाड़ियों की संख्या बढ़ाने और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
मंडी अटेली| आगामी24 फरवरी को रेल बजट प्रस्तुत होगा। इस रेल बजट से अटेली क्षेत्र के लोगों को बड़ी अपेक्षाएं है। पिछले बजट में भी क्षेत्र को एक भी ट्रेन अन्य सुविधा नहीं मिली। रेवाड़ी-फुलेरा रेलमार्ग का गेज परिवर्तन भी हो गया। अब विद्युतीकरण का कार्य जोरों से चला हुआ है। इस रेल मार्ग पर अटेली रेलवे स्टेशन पर एक भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं है। जिस कारण यहां के यात्रियों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वैसे स्टेशन पर तीन पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है जबकि स्टेशन से पांच एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन है।
अटेली रेलवे स्टेशन आस-पास के 40 गांवों का केंद्र होने के साथ-साथ अटेली प्रदेश की मशहूर मंडियों में से एक है। अटेली निवासी किशन सैनी, अनिल गुप्ता, तेजप्रकाश, भूपेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता, ओमप्रकाश सैनी पवन भारद्वाज आदि ने बताया कि ब्रॉड गेज से पहले अटेली स्टेशन पर चेतक एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होता था।
गेज परिवर्तन के बाद चेतक एक्सप्रेस ट्रेन मार्ग पर चलती है, लेकिन राजनीति उपेक्षा के चलते ट्रेन का ठहराव बंद हो गया है। बावल स्टेशन पर वहां के जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से अनेक ट्रेनों का ठहराव हो गया, लेकिन यहां के जनप्रतिनिधि खामोश है। लोगों ने बताया कि जब-जब होली डे एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव हुआ है तब-तब यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है तथा रेलवे को राजस्व का लाभ भी मिला है।
होली-डे स्पेशल से मिला लाभ : एसएम
सरायरोहिल्ला से अजमेर के बीच चलने वाली होली-डे स्पेशल सुबह 9:37 वापसी में 18:03 अटेली स्टेशन पर ठहरती थी। जिसका अटेली क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिला था। अटेली रेलवे स्टेशन मास्टर रविराज मीणा ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा मिलने वाले ज्ञापन मांगों को बराबर रेलवे के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया है। वैसे इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के मिलने से रेलवे को भी राजस्व की बढ़ोतरी होगी। अगर रींगस-जयपुर रेलमार्ग ब्रॉड गेज में तब्दील हो जाता है तो गाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना होगी।
एक्सप्रेस ट्रेनों की समय-सारणी
1929-30दिल्ली सराय रोहिल्ला से बांद्रा टर्मिनल गुरुवार को दिल्ली से 6 बजे तथा वापसी में सुबह 9:30 बजे गुजरती है। 22451-52 चंडीगढ़ से बांद्रा टर्मिनल मंगलवार शुक्रवार को चंडीगढ़ जाने के लिए करीब सुबह 9:30 वापसी रविवार बुधवार को 12:10 बजे गुजरती है। चेतक एक्सप्रेस 12981-82 दिल्ली सराय रोहिल्ला से उदयपुर सिटी रात्रि को 21:45 बजे वापसी में सुबह 3:30 बजे गुजरती है। इसके अलावा 12065-66 अजमेर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस गाड़ी का भी अटेली स्टेशन पर ठहराव नहीं है।
40गांवों के लोगों का है आना-जाना : अटेलीक्षेत्र से 40 गांवों के लोगों का आना जाना होने के कारण यह मुख्य केंद्र है। इसलिए यहां आरक्षण कार्यालय की अत्यंत आवश्यकता है। क्षेत्रवासियों ने अनेक बार रेलवे के अधिकारियों से इसके लिए गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस बजट में रेलमंत्री सुरेश प्रभु से क्षेत्रवासियों को काफी आशा है।