- Hindi News
- आधार लिंक के नाम पर लग रहा उपभोक्ताओं को चूना
आधार लिंक के नाम पर लग रहा उपभोक्ताओं को चूना
लोहारू | गैससिलेंडर लेने से पहले आधार लिंक करवाने वाले गैस उपभोक्ताओं पर पीएनबी बैंक लोहारू में 50 रुपये की राशि का एक नया कर लगाया जा रहा है। इसके लिए हर उपभोक्ता द्वारा बैंक के खाता संख्या 2061601 में 50 रुपये जमा कर रसीद लेने के बाद ही आगे की प्रोसेसिंग की जा रही है और इसकी रसीद भी नहीं दी जा रही।
पीएनबी में आधार लिंक करवाने आए दिनेश खेतान, विनोद कुमार, नवीन कुमार, राजेश, सुनील, नरेन्द्रसिंह, नरेश कुमार, रामचन्द्र, ताराचंद आदि ने बताया कि सरकार ने गैस की सब्सिडी के लिए आधार कार्ड को जरूरी बना दिया है। इसके बाद पहले तो उनको आधार बनवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। अब गैस एजेंसी में आधार लिंक कराने के बाद जब वे पीएनबी में अपने खातों में आधार लिंक कराने के लिए जा रहे हैं तो उनको पहले बैंक के खाते में 50 रुपये जमा कराकर रसीद लाने की कही जा रही है। इसके बाद ना तो उनको रसीद दी जा रही और ना इसके बारे में कोई कारण बताया जा रहा है। सिर्फ इतना कहा जाता है कि यह उनका सर्विस चार्ज है। इधर लोहारू को छोड़कर बाढड़ा, बहल या अन्य किसी जगह पीएनबी में कोई चार्ज नहीं लिया जा रहा। लोहारू में अन्य किसी भी बैंक में आधार लिंक के नाम पर कोई पैसा नहीं लिया जा रहा। पीएनबी बैंक उपभोक्ताओं का कहना है कि इस तरह की कोई रूलिंग डीबीटीएल में नहीं दी गई है। इधर इस बारे में पूछे जाने पर बैंक मैनेजर बीरबल मीणा ने बताया कि यह बैंक द्वारा खाते में की जाने वाली एडिटिंग का शुल्क लिया जाता है। इस शुल्क को बंद करा दिया जाएगा।