तीन वाहनों और नकदी सहित पकड़े 7 जुआरी
जिलेके नवनियुक्त और तेजतर्रार एसपी राकेश आर्य ने जिले का चार्ज संभालते ही अपराध पर अंकुश लगाना शुरू कर दिया है। जिले की सीआईए पुलिस ने रविवार शाम अटेला की पहाडिय़ों में जुआ खेल रहे सात बड़े जुआरियों को 75 हजार 480 रुपये की राशि सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन वाहन भी कब्जे में लिए हैं। इन जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
सीआईए के कार्यवाहक इंचार्ज देशराज दहिया को सूचना मिली थी कि अटेला की पहाडिय़ों में कुछ लोग बड़ा जुआ खेल रहे हैं। इस पर दहिया ने इस बारे में एसपी राकेश आर्य से बातचीत कर उसी समय मौके पर जाकर छापा मारा। इस दौरान दहिया की टीम को वहां दिनोद निवासी ज्ञानप्रकाश, मुकेश, देवावास निवासी अनूप, हिसार के सेक्टर 15 निवासी ईश्वर, हिसार के ही कालीरावण गांव निवासी रामफल, हुई निवासी सत्यव्रत और जेवली निवासी जयभगवान को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 75 हजार 480 रुपये बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने वहां खड़े इन जुआरियों के तीन वाहनों एक डस्टर, एक स्विफ्ट कार और एक अन्य कार को भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सीआईए इन सभी जुआरियों को भिवानी सीआईए थाने लेकर आई। यहां से उन्हें बाढड़ा थाने ले जाया गया। वहां उनके खिलाफ पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया। दूसरी ओर जानकारी मिली है कि इस जगह पर पहले भी कई बार इस तरह के लोग जुआ खेलते रहे हैं। मगर ये लोग पहली बार जिला पुलिस की पकड़ में आए हैं। इस बारे में एसपी राकेश आर्य ने पुष्टि करते हुए कहा कि सीआईए पुलिस ने रविवार शाम जुआ खेलने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस तरह के लोगों को किसी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है।