पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मेडिकल कॉलेज खेल विवि पर सभी दल एकमत

मेडिकल कॉलेज खेल विवि पर सभी दल एकमत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी। भिवानी में मेडिकल और खेल विश्वविद्यालय बनने के मामले में रविवार को स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज के बयान पर अब जिले की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में बीसीसीआई के पूर्व चेयरमैन और पूर्व विधायक रणबीर महेंद्रा के बाद जिले के इनेलो और कांग्रेस की एकमात्र विधायक भी अनिल विज के खिलाफ खड़े हो गए हैं। इन तीनों ही विधायकों का कहना है कि प्रदेश सरकार इस बारे में अपना रुख स्पष्ट करे कि यहां ये दोनों विवि बनेंगे या नहीं। वहीं, बाढड़ा के भाजपा विधायक सुखविंद्र मांढी ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय अक्ल से काम लेना चाहिए।
निवर्तमान कांग्रेस सरकार ने भिवानी में मेडिकल कॉलेज और खेल विवि की मंजूरी दी थी। उस समय कांग्रेसी नेताओं में इसका श्रेय लेने के लिए होड़ मची हुई थी। जबकि उस समय तो कांग्रेस के कई नेता अलग-अलग गुटों में बंटकर इनका श्रेय लेने का काम कर रहे थे। मगर उनके इस श्रेय पर रविवार को प्रदेश में नवगठित भाजपा सरकार के खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सच सामने ला दिया। इस बारे में दादरी और लोहारू के इनेलो विधायकों, तोशाम से कांग्रेस विधायक ने कुछ इस तरह के बयान दिए।
बयान देने से बच रहे सर्राफ - इस मामले में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ से दो बार संपर्क करने का प्रयास किया। मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। कॉल रिसीव करने वाले ने यह कहकर फोन काट दिया कि विधायक सीएम के साथ मीटिंग में हैं। उन्होंने गुरुवार को कहा था कि सरकार मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन एक्वायर कर रही है, तो रविवार को स्वास्थ्य मंत्री के सामनेवे बोले थे कि यह पहले वाली सरकार का प्रपोजल था।

एकजुट हो सरकार से मिलें सभी नेता : '' मेरीनजर में इस मामले में नेताओं को राजनीति चमकाने के बजाय एकजुट होकर प्रदेश सरकार मांग उठानी चाहिए। इस केस में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की बात सही है कि उनके पास ऐसी कोई फाइल नहीं है। अगर कांग्रेस की नीयत साफ होती तो सरकार जमीन एक्वायर करने का काम भी पूरा कर जाती। रही बात महेंद्रा के बयान की तो हमने कभी यह नहीं कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा को नहीं घुसने देंगे। जबकि उन्होंने इस जिले से सबसे ज्यादा भेदभाव किया था।''- सुखविंद्र मांढी, भाजपा विधायक, बाढड़ा ,

गंभीर मरीज चंडीगढ़ रोहतक कैसे पहुंचें : '' मुझे इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, मगर मेरी नजर में जिले में इन दोनों विवि की सख्त जरूरत है। सुना है स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बयान दिया है कि भिवानी में मेडिकल कॉलेज की क्या जरूरत है तो वे ये बताएं कि सिवानी के गंभीर और गरीब मरीज रोहतक और चंडीगढ़ कैसे पहुंच पाएंगे। रही बात खेल विवि की तो विज ही बता दें कि प्रदेश ही नहीं देश में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किस जिले के खिलाड़ी सबसे ज्यादा पदक लेकर आए हैं।'' ओमप्रकाश बड़वा, विधायक,लोहारू

कांग्रेस की भूल दोहरा रही भाजपा सरकार
''जब कांग्रेसी नेता कह रहे हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में केंद्र सरकार ने इन दोनों विवि की मंजूरी दिला दी थी तो प्रदेश में उस समय चल रही कांग्रेस सरकार को ही बाकी काम भी पूरा कर लेना चाहिए था। इसलिए इस मामले में कांग्रेस ने जो भूल की उसे ही अब भाजपा सरकार दोहरा रही है। ऐसा काम करके तो भाजपा सरकार भी कांग्रेस के ही नक्शे-कदम पर चलने का काम कर रही है। रही बात यहां इन दोनों विवि की तो यहां इनकी सख्त जरूरत है।'' -राजदीप फौगाट, इनेलो विधायक, दादरी
प्रदेश सरकार को शुरू करना चाहिए था काम : '' कांग्रेस सरकार के शासन में इन दोनों विवि की मंजूरी केंद्र सरकार से दिला दी थी। बाकी बचा जमीन अधिग्रहण और इन विवि को बनाना तो यह काम प्रदेश सरकार को शुरू कर देना चाहिए था। अगर, इस समय हमारी सरकार होती तो हम इस पर काम शुरू करा देते। मगर, इस सरकार के मंत्री अनिल विज तो ऐसे बयान देकर स्वर्गीय बंसीलाल के सपनों को तोड़ने की बात कह रहे हैं। इसलिए उन्हें इस बारे में बोलने से पहले सोच समझकर बयान देना चाहिए।'' किरण चौधरी, कांग्रेस विधायक, तोशाम ।