तोशाम से गुड़गांव की बस सेवा होगी बहाल
टायरों की एक खेप पहुंची
टायरोंकी कमी से जूझ रहे तोशाम सब डिपो में गुरुवार को 28 टायरों की एक खेप पहुंच गई है। हालांकि नए टायर आठ ही मिले हैं, जिसकी वजह से फिलहाल टायरों की कमी के कारण खड़ी चार बसें ही सड़कों पर दौड़ेंगी। मगर सब डिपो की ओर से लंबे समय से बंद गुड़गांव रूट पर सुबह की बस सेवा शुरू हो जाएगी। तोशाम सब डिपो में टायरों की कमी के चलते दर्जनभर बसें वर्कशॉप में खड़ी थी। इन बसों के खड़े होने के कारण सब डिपो के विभिन्न रूट प्रभावित थे। लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए दैनिक भास्कर ने टायरों की कमी से रूट प्रभावित होने का समाचार प्रमुखता से छापा था। इस पर विभाग ने सब डिपो को 28 टायरों की एक खेप भेजी है।
बस अड्डा इंचार्ज बलजीत सिंह ने कहा है कि 28 टायरों की खेप सब डिपो में आई है। इनमें आठ टायर नए और 20 रीसोल हैं। फिलहाल चार बसें सुचारू हो जाएंगी। इनमें एक बस सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर गुड़गांव रूट पर बहाल हो जाएगी। छह बसें अभी भी टायरों की कमी के चलते खड़ी रहेंगी।