गरीबों को दिलाया प्लाटों पर कब्जा
महात्मागांधी बस्ती योजना के तहत अधिग्रहित पंचायती जमीन से सोमवार को बीडीपीओ पुलिस ने अतिक्रमण हटा कर अवैध कब्जों से मुक्त कराया। इस भूमि पर 153 पात्रों को योजना के तहत प्लाटों का आवंटन किया गया था।
मगर इसमें से करीब चार एकड़ भूमि पर साथ के खेतों वालों ने अवैध कब्जे कर रखे थे। कब्जों से मुक्त होने से अब प्लाट मिलने का रास्ता साफ हो गया है। राजगढ़ रोड स्थित पंचायती भूखंड पर सालों से जमे अवैध कब्जे हटाने में पंचायत विभाग ने सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह देख अवैध कब्जाधारियों ने एकबार तो पंचायत अधिकारियों को आंखें दिखा दी, लेकिन पुलिस के आने की भनक पड़ी तो वे मौके से खिसकते नजर आए।
इसके बाद बीडीपीओ की उपस्थिति में करीब चार एकड़ भूमि से अवैध कब्जे हटाकर पंचायत को सौंपा गया। मौके पर मौजूद बीडीपीओ उषा रानी ने बताया कि विभाग के बार बार कहने पर भी कुछ लोग भूमि को खाली नहीं कर रहे थे और बस्ती का काम अधर में लटका पड़ा था। मगर सोमवार को पुलिस की मदद से अवैध कब्जे हटा दिए हैं।