गैस सिलेंडर में आग से छत उड़ी
खंडके गांव सिधनवा में एक विधवा के घर में अचानक आग लगने के कारण घर में रखे गैस सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली जिसके कारण घर की छत भी धमाके के साथ उड़ गई। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान घर में कोई नहीं था। मामला बुधवार रात का है। गांव की विधवा औरत सुमन और उसकी दस वर्षीय पुत्री अंजलि ही घर में रहते हैं।
बुधवार को सुमन अपनी पुत्री के साथ अपने मायके गई हुई थी। इसके पीछे यह हादसा हो गया। सुमन के पति की दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। आग लगने के कारण घर के दो कमरों की छत उड़ गई और घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि सुमन गरीब है और आगजनी की इस दुर्घटना से वह पूरी तरह बर्बाद हो गई है और सड़क पर गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।