जुई कलां चौकी में शिकायत दर्ज करने पर ग्रामीण ने किया हंगामा
सदर थाना प्रभारी के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण
भास्करन्यूज | जुई
जुईकलां के पंचायती झोटे को जेली मारकर घायल करने के आरोपित की शिकायत करने गए ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी के मिलने पर शुक्रवार को पुलिस चौकी में हंगामा किया। मामले की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी उदमीराम मौके पर पहुंचे और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ। ज्ञात हो कि इसी झोटे को तीन महीने पहले भी जला दिया गया था जब पंचायत ने जलाने वाले व्यक्तियों पर 31 हजार रुपये जुर्माना लगाया था।
इस मामले को लेकर शुक्रवार को जुई कलां के ग्रामीण रोशन लांबा, सुरेंद्र सिंगला, अनिल एडवोकेट और रघुबीर फौजी की अध्यक्षता में जुई पुलिस चौकी में एकत्रित हुए। पंचायत ने चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों से झोटे के मामले में शिकायत देते हुए बताया कि दो दिन पहले गांव के पंचायती झोटे को गांव के ही बलवंत नाम के व्यक्ति ने जेली से बुरी तरह घायल कर दिया। बताया गया है कि बाद में ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद कट्टर से सिंगड़ काटकर बाहर निकाले ओर झोटे की मरहम पट्टी करवाई।
इस पर चौकी में तैनात पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि चौकी प्रभारी आज नहीं है, कल आना। इस पर ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी तथा सड़क मार्ग जाम करने की चेतावनी दी। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी तो सदर थाना प्रभारी उधमीराम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को बताया कि वे दो दिन से यहां रहे हैं लेकिन प्रभारी नहीं कह कर वापस लौटाया जा रहा है। इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही पंचायती शांत हुए।
मामला संज्ञान में नहीं था : थाना प्रभारी
सदरथाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि मुख्यमंत्री के बहल आगमन पर पुलिस कर्मचारी सुरक्षा में तैनात थे। मामला संज्ञान में नहीं था। पता चलते ही जुई की पंचायत की बात सुनी गई है। झोटे को नुकीले हथियार से चोट पहुंचाने की शिकायत दी है। दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।