- Hindi News
- प्राइवेट स्कूल संघ ने शिक्षा बोर्ड सचिव से की मुलाकात
प्राइवेट स्कूल संघ ने शिक्षा बोर्ड सचिव से की मुलाकात
भिवानी | हरियाणाराज्य प्राइवेट स्कूल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव से विभिन्न समस्याओं को लेकर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा बोर्ड द्वारा अन्य राज्यों से आए 10वीं कक्षा के नियमित विद्यार्थियों को पहले ओपन स्कूल में डालना और फिर सर्टिफिकेट जारी करने के बाद उनका परिणाम रद्द करने बारे में मुलाकात की। यह जानकारी संघ के जिला प्रधान घनश्याम शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इन विद्यार्थियों का बोर्ड ने एनरोलमेंट नंबर जारी करने के बाद ही प्रथम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा ली थी। उसके बाद एसएलसी फर्जी घोषित कर उनका परिणाम हरियाणा ओपन स्कूल में डाल दिया। उनके सर्टिफिकेट भी जारी कर दिए गए। अब उनका परिणाम ही रद्द करने के कारण उन विद्यार्थियों के सामने भविष्य खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। इसलिए संघ के प्रतिनिधि मंडल ने इन विद्यार्थियों का परिणाम बहाल करने की मांग बोर्ड सचिव से की। इसके अलावा नकल रोको अभियान के तहत किसी केंद्र पर नकल होती पाई गई तो उस केंद्र के हर विद्यार्थी पर 100 रुपये जुर्माना लगाने का भी संघ ने विरोध किया। इस दौरान सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।