- Hindi News
- ईशरवाल में रुकने लगी गुड़गांव जाने वाली बस
ईशरवाल में रुकने लगी गुड़गांव जाने वाली बस
गुड़गांवजाने वाली बस का तोशाम से ईशरवाल रूट दो टाईम बंद किए जाने के बाद रविवार शाम दोबारा बहाल कर दिया गया। हालांकि रूट बंद करने के आदेश के बाद सब डिपो में बहाली के लिखित में आदेश नहीं पहुंचे हैं। इस संबंध में रोडवेज महाप्रबंधक गोलमाल जवाब देकर मुद्दे से कन्नी काट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले चार साल से भी ज्यादा समय से ईशरवाल-गुडगांव बस चलाई जा रही है। मगर शनिवार शाम ईशरवाल नाइट करने वाली बस की स्टे तोशाम कर दी गई। जिला मुख्यालय से आदेश आए कि इस बस का तोशाम से ईशरवाल रूट काट दिया जाए। यह बस रोजाना सुबह सवा छह बजे ईशरवाल से चलकर गुड़गांव जाती रही है और वापसी में शाम सात बजे यह बस ईशरवाल पहुंचती है। यहीं बस का रात्रि ठहराव होता रहा है। सब डिपो सूत्रों की मानें तो मामला उठने के बाद रविवार दोपहर को ही उच्चाधिकारी ने संपर्क कर शाम को बस ईशरवाल भेजने के मौखिक आदेश दिए। साथ ही इस बस की तोशाम से ईशरवाल तक की बुकिंग चैक करने के लिए भी कहा गया। इसके बाद शनिवार शाम पहुंचने वाली यह बस रविवार सायं ईशरवाल पहुंची और वहीं रात्रि ठहराव हुआ।
सब डिपो के डीआई सुभाष से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि रूट बहाल करने के लिए अभी लिखित आदेश तो नहीं आए हैं, लेकिन उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार बुकिंग चैक करने के लिए रविवार शाम बस ईशरवाल भेजी गई थी। इस संबंध में रोडवेज महाप्रबंधक उदयवीर दुहन ने रूट बहाल करने का कोई सीधा जवाब नहीं दिया। गोलमाल जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि गुड़गांव से लिंक जोड़ने के लिए कहा गया है।