बहल | लोहारू से हजकां प्रत्याशी बहादुर सिंह ने कहा कि प्रदेश में हजकां की लहर चली हुई है और आगामी सरकार हजकां की बनेगी। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के शासनकाल से तंग आ चुकी है और हजकां को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। वे रविवार को नई अनाज मंडी में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार के मामले में पिछड़ा बना दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई गरीब व मेरे वर्ग के सच्चे हितैषी हैं और उनकी सभी को साथ लेकर चलने की सोच है।
10 साल में किसी ने नहीं नहीं ली सुध: डॉ. रणबीर
भिवानी | भिवानी विस से आजाद उम्मीदवार डाॅ. रणबीर सिंह ने कहा कि पिछले 10 साल के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि क्षेत्र के लोगों की आवाज उठा नहीं सके। उनकी उदासीनता के चलते क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पाए। इसी कारण आज भिवानी प्रदेश के सबसे पिछड़ेजिलों में आता है। डाॅ. रणबीर सिंह रविवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत गांव हालुवास, गोविंदपुरा, प्रहलादगढ, निमड़ीवाली, अजीतपुरा, ढाणा लाडनपुर, ढाणा नरसान, कितलाना व गौरीपुर में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व सीएमओ डाॅ. रामचंद्र, अभय सिंह, कपूर सिंह, ठाकुर धर्मपाल सिंह आदि थे।
ढिगावा रैली व्यवस्था व सत्ता परिवर्तन की शुरुआत: दलाल
बहल | लोहारू से भाजपा प्रत्याशी जेपी दलाल ने कहा कि सोमवार को ढिगावा मंडी में होने वाली रैली प्रदेश में सत्ता बदलाव के साथ व्यवस्था परिवर्तन की शुरुआत होगी। रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह संबोधित करेंगे। दलाल रविवार को गांव बड़वा आदि गांवों में ग्रामीणों को रैली का न्यौता दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आपका सहयोग रहा तो इस बार रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कर विधानसभा में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। क्षेत्र के किसी भी गांव में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा हर बेरोजगार को रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ अजित बंसल, गोविंद बंसल, सुभाष शर्मा, राजेन्द्र तंवर, जगदीश खेड़ा मौजूद थे।