रोहतक रैली को लेकर माकपा ने की बैठक
माकपाकी बरवाला तहसील कमेटी की एक बैठक रविवार को मा.महेंद्र पूनिया की अध्यक्षता में सीपीआईएम के कार्यालय मजदूर भवन में हुई। संचालन कमेटी सचिव रोहताश राजली ने किया। कामरेड रोहताश ने कहा कि 14 से 16 फरवरी तक रोहतक में माकपा का राज्य सम्मेलन होना है। इस दौरान 14 फरवरी को पुराने आईटीआई मैदान में जन संघर्ष रैली भी होगी। बैठक में रैली की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा निर्णय लिया गया कि पार्टी अपनी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए गांवों में जनसभाएं आयोजित करेगी। रोहताश राजली ने बताया कि बरवाला क्षेत्र से रैली में 300 से अधिक लोग शिरकत करेंगे।
रैली को सीपीआईएम के राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश कारात, नीलोत्पल बसु, इंद्रजीत सिंह का.सुरेंद्र मलिक संबोधित करेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव मंडल सदस्य जिला पार्षद कामरेड सुरेश कुमार ने कहा कि रैली में मुख्य रूप से स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करवाने, किसान-मजदूर विरोधी भूमि अधिग्रहण अध्यादेश वापस लिए जाने, मनरेगा को मजबूत करने, सबके लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने, न्यूनतम वेतन 15 हजार करने, आवारा पशुओं पर नियंत्रण करने जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। कामरेड सुरेश ने कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों किसानों के नुकसान वाली नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता शिक्षा का सांप्रदायिकरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। बैठक में रोहताश बहबलपुर, मोहन राजली, विजय, राजू बरवाला, अभय राम आदि उपस्थित थे।