नपा ने दुकानों के आगे रखा सामान उठाया
नगरपालिका अधिकारियों ने गुरुवार को शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पालिका कर्मियों ने दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने सड़क पर रखे गए सामान को भी कब्जे में लिया। कुछ दुकानदारों की पालिका अधिकारियों के साथ झड़प भी हुई। अभियान नपा के सेनेट्री इंस्पेक्टर दीपक झांब की अगुवाई में चला। हालांकि पालिका द्वारा चलाए गए अभियान का कुछ दुकानदारों पर ज्यादा असर नहीं रहा। कुछ समय पश्चात ही कुछ दुकानदारों ने सामान को दोबारा से दुकानों के सामने रख लिया।
नए बस अड्डे पुराने अड्डे पर कई दुकानदारों द्वारा नेशनल हाईवे की जमीन पर दुकान का सामान रखे जाने से यहां जाम के हालात बने रहते हैं। दुकानदार दुकानों के बाहर कई फीट दूर तक सामान रख लेते हैं। हालांकि शहर से गुजरने वाला हाईवे काफी चौड़ा है लेकिन दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण इसकी चौड़ाई इतनी रह जाती है कि यहां से एक बार में एक ही वाहन निकल पाता है। ऐसे में सुबह से शाम तक डेढ़ किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन द्वारा कई बार दुकानदारों पर शिकंजा कसा गया है लेकिन इसका असर ज्यादा दिन तक नहीं रहता। पालिका अधिकारी कर्मचारी जिस समय दुकानों के सामने रखे सामान को ट्राली में डाल रहे थे उस समय कुछ दुकानदारों ने इसका यह कहते हुए विरोध किया कि वे स्वयं ही अपने सामान को उठाकर अंदर रख लेंगे।
रोड के साथ रखे सामान को उठाकर ट्राली में रखते पालिका कर्मचारी।
सख्ती से निपटा जाएगा
नगरपालिका के सफाई निरीक्षक दीपक झांब ने कहा कि बाजारों में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को कई बार दुकान के बाहर अधिक दूरी तक सामान रखने की हिदायत दी गई है। लेकिन कई दुकानदार नहीं मान रहे हैं तो उनका सामान जब्त किया जाएगा।