प्रदेश भर में लगा देंगे जाम
शनिवारको यहां के किसान विश्राम गृह में भारतीय किसान यूनियन की किसान नेता बिजेंद्र उर्फ बिल्लू की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय पंचायत हुई। पंचायत में किसानों ने अपनी समस्याओं के बारे में चर्चा करते हुए ऐलान कर दिया है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन सरकार जल्द नहीं करती है, तो वे 6 अक्टूबर से प्रदेश के तमाम सड़क मार्गों को जाम कर देंगे।
किसानों ने तहसीलदार राममेहर सिंह के माध्यम से केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री संजीव बाल्याण के नाम ज्ञापन दिया है। इसके अलावा किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बरवाला में पहुंचे केंद्रीय रसायन उर्वरक मंत्री निहाल सिंह मेघवाल से भी मुलाकात कर उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखी। किसान नेता बिजेंद्र उर्फ बिल्लू, रमनमान, प्रेमचंद, महताब, चुहड़ सिंह रावल, प्रकाश कादियान, महेंद्र धीमान, रामफल कंडेला, बलराज गुसाना, प्रदीप कुमार, अभेराम, कृष्ण ढांड, रामफल, कृष्ण राजली ने कहा कि किसानों की दुर्दशा आज किसी से छुपी नहीं है।
हालत ये है कि किसानों की मंडी में बिकने के लिए रही धान, कपास, बाजरा सहित विभिन्न फसलों का दाम काफी कम दिया जा रहा है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वो किसानों को फसल का उचित मूल्य देने का प्रबंध करे। इसके अलावा किसानों ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, सूखा घोषित हरियाणा के किसानों को फसल का मुआवजा देने तथा जिन किसानों की गत दिनों मौसम की मार से फसल खराब हुई थी उन्हें भी मुआवजा देने की मांग की।
किसान नेताओं ने सरकार से डीजल, बिजली खाद-बीज के दामों में पर रोक लगाए जाने की भी मांग की है। किसान नेताओं ने ऐलान करते हुए कहा कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान 28 सितंबर तक नहीं होता है, तो वे 29 सितंबर से प्रदेश के तमाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन देने के बाद भी अगर समस्याएं हल नहीं हुई तो वे 6 अक्टूबर को रोड जाम करने से गुरेज नहीं करेंगे।
बरवाला में किसानों की पंचायत में पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते किसान यूनियन के नेता।