अलग-अलग स्थानों से पांच बाइक चोरी
बाइकचोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाश अलग अलग स्थानों से पांच बाइक चोरी कर ले गए। चोरी के सभी मामले पुलिस ने दर्ज कर लिए है।
पाथुहेडा निवासी हुकम सिंह एनएच आठ स्थित कैरियर कंपनी में आया था। कंपनी के पास ही अपनी बाइक खड़ी करके वह भीतर चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो उसे अपनी बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। कसौला थाना पुलिस ने चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। इसी क्रम में बावल के मोहल्ला धोबी घाट निवासी बलवंत सिंह अपनी बाइक से ब्रास मार्केट स्थित एक शिक्षण एकेडमी में आया था। एकेडमी के बाहर ही अपनी बाइक खड़ी करके वह भीतर चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो उसे अपनी बाइक गायब मिली। बलवंत ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत देकर चोरी का मुकद्दमा दर्ज कराया है। वहीं हरजीपुर निवासी अमित कुमार की बाइक को बदमाश खेडी बस स्टैंड के पास से चोरी कर ले गए। अमित की शिकायत पर रामपुरा थाना पुलिस ने चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।धारूहेड़ा के सेक्टर छह में भी चोरी की वारदातें थम नहीं रही है। धारूहेड़ा निवासी ईश्वर सिंह सेक्टर छह में किसी कार्य से आया था। सेक्टर से ही चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। वहीं सेक्टर चार निवासी राहुल रोहिल्ला की बाइक को भी बदमाश सेक्टर छह से ही चोरी कर ले गए। दोनों ही मामलों में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने बाइक चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।