- Hindi News
- झज्जर के बाद भाजपा के बेरी वर्कर हुए बगावती
झज्जर के बाद भाजपा के बेरी वर्कर हुए बगावती
भाजपाके झज्जर में घोषित उम्मीदवार पूर्व विधायक दरियाब सिंह राजौरा को टिकट देने का विरोध अभी कम नहीं हुआ है। अब बेरी के भाजपा वर्कर भी यहां से पार्टी उम्मीदवार विक्रम कादियान के खिलाफ हो गए हैं।
बेरी में भाजपा के प्रत्याशी विक्रम कादयान के खिलाफ भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बेरी के इमली वाले मंदिर में बैठक की। यहां छारा मंडल के अध्यक्ष अनिल सहरावत ने कहा कि पार्टी ने थोपे गए प्रत्याशियों को नहीं बदला तो पार्टी को काफी नुकसान होगा। बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओंं के अलावा तीनों मंडलों के अध्यक्ष अनिल सहरावत छारा, धर्मराज जून डीघल, राज सिंह सैनी बेरी ने शिरकत की। काफी देर तक चली इस बैठक में पार्टी द्वारा बेरी से भाजपा के प्रत्याशी बनाए गए विक्रम कादयान को सभी कार्यकर्ताओं ने पैराशूट प्रत्याशी बताया और कहा कि भाजपा हाईकमान ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं स्थानीय नेताओं की अनदेखी की है। ऐसे व्यक्ति के बेटे को प्रत्याशी बनाया है, जिसका इतिहास ही हर चुनाव में पार्टी बदलने का रहा है। बता दें कि विक्रम पूर्व विधायक ओप्रकाश बेरी के पुत्र हैं। ऐसे में सभी ने एक मत से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पीएम नरेन्द्र मोदी को बेरी से पार्टी प्रत्याशी बदलने के लिए पत्र लिखा। भाजपा हाईकमान को भी मीडिया के जरिए अल्टीमेटम दिया गया कि यदि प्रत्याशी नहीं बदला जाता है तो सभी निष्ठावान कार्यकर्ता पार्टी छोड़ देंगे।
भाजपा के प्रत्याशी विक्रम कादयान के खिलाफ बैठक करते पार्टी वर्कर।