भूना अनाज मंडी का होगा सुधार
कुलांरोड पर स्थित शास्त्री अनाज मंडी के 40 बरसों बाद अब अच्छे दिन आने वाले हैं। अनाज मंडी के सुधारीकरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर मार्केटिंग बोर्ड पंचकूला ने प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। बुधवर को डीएमईओ रमेश गोदारा मार्केट कमेटी की सचिव जयवंती कासनिया के नेतृत्व की टीम ने अनाज मंडी का जायजा लिया।
अधिकारियों को देख मंडी के कुछ व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। जब व्यापारियों ने अधिकारियों केआगमन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इस मंडी के अब अच्छे दिन आने वाले हैं क्योंकि मार्केट कमेटी के पूर्व सचिव दलीप सिहाग ने मंडी के विकास के लिए प्रपोजल बनाकर मार्केटिंग बोर्ड के मुख्यालय पंचकूला भेजा था। उस प्रपोजल के तहत मंडी में पक्की सडकें, पेयजल सुविधा, स्ट्रीट लाइटें, किसानों की फसल डालने के लिए फड़ और शैड का निर्माण करना शामिल था। उस प्रपाेजल को मुख्यालय ने स्वीकार कर लिया है। अब मंडी का चौतरफा विकास होगा।
1978 में हुआ था मंडी का निर्माण
शास्त्रीअनाज मंडी का निर्माण वर्ष 1978 में किया गया था। परंतु गुटबाजी हो जाने के कारण कुछ लोगों ने उकलाना रोड पर प्राइवेट लक्ष्मी अनाज मंडी स्थापित कर दी थी। तब से शास्त्री मंडी में किसी भी पार्टी की सरकार की ओर से एक भी ईंट नहीं लगी और आसपास की जमीन के भाव भी औंधे मुंह गिरते गए। कुछ लोगों ने पूरी मंडी की फड़ की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया था लेकिन उस अतिक्रमण को बाद में हटवा दिया गया था।
मंडी निरीक्षण की रिपोर्ट भेजी जाएगी
मार्केटकमेटी की सचिव जयवंती कासनिया ने बताया कि शास्त्री अनाज मंडी में विकास कार्य करवाए जाने को लेकर मुख्यालय ने रिपोर्ट मांगी है। डीएमईओ रमेश गोदारा ने मौके का निरिक्षण किया है निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यालय को जल्द भेज दी जाएगी और फिर मुख्यालय के निर्देशानुसार मंडी में जल्द विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे।