बाइक वैन की टक्कर दो की मौत, एक घायल
एक साल पहले ही हुई थी विक्की की शादी
अमावस्यास्नान करने धमतान साहिब गए भूना के तीन युवकों में से दो को सड़क हादसे ने लील लिया, जबकि हादसे में तीसरा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। रविदास सभा भूना के नौ सदस्य तीन मोटरसाइकिलों के जरिए अमावस्या स्नान के लिए बुधवार को धमतान साहिब गुरुद्वारे में गए थे। घर की सुख समृद्धि और पारिवारिक शांति की कामना को लेकर गुरुद्वारे के पवित्र सरोवर में डूबकी लगाई और फिर वापस गांव की ओर रवाना हो गए। लेेकिन रास्ते में धरौंदी गांव के पास सामने से रही एक बैंक की वैन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई।
मोटरसाइकिल पर सवार ईश्वर और विक्की की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल ड्राइव कर रहे राजेश भी चोटिल हो गया। उसे हिसार के एक अस्पताल में ले जाया गया है। मृतक ईश्वर और विक्की के शवों को गुरुवार देर शाम जैसे ही भूना लाया गया तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों में वार्ड नंबर 4 निवासी 21 वर्षीय विक्की पुत्र बल्ली राम और 28 वर्षीय ईश्वर पुत्र सुखलाल को देख उनके परिजन बिलख उठे। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे।
मृतक विक्की की शादी एक साल पहले हुई थी। जबकि मृतक ईश्वर के दो पुत्र हैं। दोनों पुत्र उम्मीद किए हुए थे कि उनके पापा आते हुए उनके लिए खिलौने लेकर आएंगे। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।