बसों की कमी झेल रहे क्षेत्रवासी
बिलासपुर|शाहाबाद मारकंडाके लिए कम बस सर्विस होने से लोग परेशान हैं। एक बस छूट जाने पर लोगों को तीन-तीन घंटे इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने शाहाबाद के लिए और बसें चलाने की मांग की है। शाहाबाद जाने के लिए क्षेत्र के लोगों को जगाधरी से बस पकड़नी पड़ती है। लेकिन यहां से भी बस सेवा समुचित नहीं है। सुलतानपुर, भगवानपुर, मग्घरपुर, सारन, कूलपुर अधोया-अधोयी जाने वाले लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कस्बा निवासी राजेंद्र कुमार, रणधीर सिंह, अशोक कुमार, रामकुमार, जरनैल सिंह रमेश चंद ने बताया कि एक बस छूटने के बाद दूसरी बस तीन घंटे के अंतराल पर मिलती है। शाहाबाद के लिए पहली बस आठ बज कर पांच मिनट पर, दूसरी दस बजकर 40 मिनट पर, तीसरी पौने दो बजे, उसके बाद सवा चार बजे आखिरी बस छह बजे है। उनका कहना है कि इस रूट पर पड़ने वाले गांवों में जाने के लिए और कोई साधन नहीं है। शाहाबाद जाने वाले तो वाया दोसड़का से भी जा सकते हैं। इसलिए बीच के गांवों के लोगों की समस्या को देखते हुए और अधिक बसें चलाई जाएं। इस मार्ग पर यात्रियों की कमी नहीं है। केवल बसें चलाने की जरूरत है।