स्वच्छता स्वास्थ्य की तो गंदगी बीमारियों की जननी: एडीसी
स्वच्छभारतमिशन के तहत घाड़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। एडीसी डॉक्टर शालीन ने लोगों को स्वच्छता के बारे जागरूक किया। ग्रामीणों को बताया कि स्वच्छता जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। स्वच्छता के अभाव में अनेक बीमारियां हमें जकड़ लेती हैं। गंदगी मक्खी मच्छर को निमंत्रण देती है। हमें केवल अपने शरीर घर की सफाई तक ही सीमित नहीं रहना है। आपके द्वारा फैलाई गई गंदगी अनेक तरीके से दूसरों को प्रभावित करती है। इसलिए स्वच्छता हम सबकी जिम्मेवारी बन जाती है। गंदगी देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा बनती है। हम आजादी के इतने सालों बाद भी स्वच्छता में दूसरे देशों से काफी पीछे हैं। स्वच्छता स्वास्थ्य की तो गंदगी बीमारियों की जननी है।
बांसेवाला, बिजौली मारवाकलां गांव में स्वच्छता टीम के सदस्य भूपिन्द्र सिंह ने ग्रामीणों को लीच पीट शौचालय बनाने की तकनीक की जानकारी भी दी। ब्लॉक कोर्डिनेटर मनीष कुमार ने लोगों को खुले में शौच के दुष्परिणाम से अवगत कराया। खुले में शौच से पोलियो जैसी घातक बीमारी पनपती है। उन्होंने ग्रामीणों को खाना खाने से पहले शौच के बाद साबुन या ताजी राख से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया। मौके पर निर्मला, प्रकाश कौर, रजनी, प्रदीप, प्रशांत, राजीव, खुशीराम, यदु बंसल, नितिन बसंल, मंजीत कौर विनिप कुमार मौजूद रहे।