- Hindi News
- नामांकन के वक्त एसडीएम आफिस में नहीं ले जा सकेंगे 3 से ज्यादा वाहन
नामांकन के वक्त एसडीएम आफिस में नहीं ले जा सकेंगे 3 से ज्यादा वाहन
चुनावआयोग के निर्देश पर एसडीएम बिलासपुर पूजा चांवरिया के कार्यालय में चुनाव सुविधा केंद्र बनाया गया है। इसका नोडल अधिकारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुगलवाली के प्रधानाचार्य धर्म सिंह राठी को बनाया गया। सुविधा केंद्र सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। सुविधा केंद्र से कोई भी व्यक्ति चुनाव प्रक्रिया एवं चुनाव संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकता है।
एसडीएम एवं साढौरा विधानसभा क्षेत्र की रिटर्निंग अधिकारी पूजा चांवरिया ने बताया कि साढौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र 20 सितंबर से 27 सितंबर तक सभी कार्य दिवसों में सुबह 11 से शाम 3 बजे तक लिए जाएंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार रिक्त नामांकन पत्र एवं फाइल चुनाव सुविधा केंद्र से किसी भी कार्य दिवस को प्राप्त कर सकते हैं। पूजा चांवरिया ने बताया कि नामांकन के दिन कोई भी उम्मीदवार तीन गाड़ियों से अधिक लेकर उनके कार्यालय प्रांगण में प्रवेश नहीं कर सके गा। उम्मीदवार सहित 5 से अधिक लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नामांकन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करके जमा करवाना होगा। उम्मीदवार को जमानत राशि सरकारी खजाने में जमा करवाकर उसकी रसीद साथ लगानी होगी। उन्होंने बताया कि साढौरा विधानसभा क्षेत्र आरक्षित सीट होने के कारण चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र देना भी अनिवार्य है।