- Hindi News
- गड्ढों को रोड़ी से भरा, सड़क पर बढ़ रहे हादसे
गड्ढों को रोड़ी से भरा, सड़क पर बढ़ रहे हादसे
एमएलवर्माचौक से अनाज मंडी के पास से गुजरने वाले रास्ते पर रोड़े लोगों के लिए जी का जंजाल बने हुए हैं। लंबे समय से यहां मोड़ पर गहरे गड्डे होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब ईंट के रोड़े डाले जाने से आए दिन हादसों में लोग चोटिल हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि यहां मोड़ पर तारकोल बिछा कर आने-जाने वालों को परेशानी से निजात दिलानी चाहिए।
कस्बे से नई अनाज मंडी के साथ ही जाने वाले खारवन मार्ग का मोड़ पर हिस्सा लंबे समय से जर्जर हाल चल रहा है। हालांकि विभाग ने छछरौली से दादुपुर हेड रोड का नवनिर्माण कराया है। यहां का थोड़ा सा हिस्सा सीवरेज बिछने की वजह से टूटा हुआ था। जहां से हर रोज गुजरने वाले वाहनोंं तथा पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई बार तो वाहन चालक इस सड़क से गुजरने की बजाय अनाज मंडी के अंदर से निकल कर खारवन रोड पर पहुंचते देखे जाते हैं।
क्षेत्र के सतीश, श्याम लाल गर्ग, सुलेमान का कहना है कि मंडी के पास स्थित इस मोड़ की तरफ किसी भी विभाग ने मुड़ कर नहीं देखा। लंबे समय से यह छोटा सा टुकड़ा खराब पड़ा हुआ है। लोगों का कहना है कि सबसे बड़ी गलती तो यहां जनस्वास्थ्य विभाग ने की। विभाग ने यहां कई महीने पूर्व सीवरेज बिछाया था। मगर सीवरेज कुछ दिनों बाद ही धंस गया। मिट्टी धंसने से यहां काफी गहरे गड्डे हो गए थे। गड्डे इतने गहरे हो गए थे कि हलके वाहन यहां से निकलने मुश्किल हो गए थे।
कई बार तो वाहन चालक यहां चोटिल हो जाते थे। अंजान दुपहिया वाहन चालक तेज गति में होने की वजह से इन गड्ढों में गिर जाते थे। यहां के लोगों ने संबंधित विभाग से इन गड्ढों को भरकर यहां कारपेट बिछाने की कई बार मांग भी की थी। उसके बाद भी उनकी मांग अनसुनी रह गई।
लोगों का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व ही यहां विभाग ने ईंट के रोड़े डाल कर अपने फर्ज की इतिश्री कर ली। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि यहां रोड़े की बजाय कारपेट बिछाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नवीन खत्री का कहना है कि दादुपुर हेड रोड का कार्य चल रहा है। गड्ढों को तो भर दिया गया है। जल्दी ही यहां कारपेट बिछा कर लोगों को रही परेशानी से निजात दिलाई जाएगी।
छछरौली | एमएल वर्मा चौक से अनाज मंडी वाया खारवन जाने वाले रास्ते विभाग द्वारा डाले गए ईंट के रोड़े बने जी का जंजाल।