सांप के डसने से मजदूर की मौत
गांवखोरड़ा में रविवार देर शाम खेत में काम कर रहे एक प्रवासी मजदूर को सांप ने डस लिया। गंभीर अवस्था में परिजन उसे सिविल अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अभी इस संबंध में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी कर ही रही थी कि इसी दौरान एक झाड़ फूंक कर मृतक को जिंदा करने की बात कहता हुआ राजस्थान निवासी एक तांत्रिक वहां पहुंचा, जिसने तीन घंटे के अंदर मृतक को जिंदा करने का दावा किया। लेकिन उसके असफल होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मध्य प्रदेश के गांव दमो निवासी 20 वर्षीय सुंदर गांव खोरड़ा निवासी अनिल के खेत में मजदूरी का काम करता था। रविवार देर शाम वह अपने भाई सहित खेत में सब्जियों में पानी देने गया था। इसी दौरान उसके पैर पर एक जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजनों की संतुष्टि नहीं हुई तो उन्होंने राजस्थान के सीकर से एक झाड़ फूंक करने वाले तांत्रिक को बुलवाया। तांत्रिक ने शव गृह में रखे शव के पास बैठकर करीब तीन घंटे तक मंत्र उच्चारण कर मृतक को जिंदा करने का प्रयास किया लेकिन उसके असफल होने पर ही पुलिस ने परिजनों की सहमति से शव का पोस्टमार्टम करवाया।