- Hindi News
- पहले महिलाओं से मारपीट अब पंचायत को धमकी
पहले महिलाओं से मारपीट अब पंचायत को धमकी
गांवकलियाणा में रविवार शाम आई बारात में आए युवकों और महिलाओं से मारपीट करने और उनके गहने छीनने वाले बदमाशों ने अब पंचायत को भी धमकी दी है। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने गांव के करीब एक दर्जन लोगों पर केस दर्ज भी किया था, लेकिन दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाने के कारण ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह पंचायत रखी। पंचायत की खबर लगते ही दबंग लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे थे और पंचायतियों को जान से मारने की धमकी दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन इससे पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए।
गांव कलियाणा निवासी शमशेर सिंह ने रविवार को अपनी बेटी की शादी झज्जर के गांव हंमायुपुर निवासी रणजीत के साथ की है। रविवार को बड़ी धूमधाम से शमशेर के घर बाराती डीजे के आगे नाच रहे थे। इस दौरान गांव के एक समुदाय से संबंधित करीब एक दर्जन लोग वहां गए और बारात में आई एक महिला के साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी। अन्य बारातियों ने इसका विरोध किया तो उक्त हमलावरों ने बारातियों को पीटना शुरू कर दिया। झगड़े के दौरान बारात में आई एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों शमशेर सिंह के बयान पर एक दर्जन लोगों पर केस दर्ज कर लिया था। रविवार को बारातियों के साथ हुई मारपीट गहने छीनने की घटना के बाद पुलिस ने एक दर्जन लोगों पर केस दर्ज किया था। लेकिन घटना को दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई जिसे लेकर मंगलवार को पंचायत रखी गई थी। पंचायत में सरपंच संतलाल, पूर्व सरपंच घीसाराम, पूर्व अध्यापक रतिराम, पंच विद्या देवी, लाली देवी, कर्ण सिंह, विनोद, हजारी, सूरजभान आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।