बिना सूचना दिए लगाया दस घंटे बिजली कट
चरखी दादरी | बिजलीनिगम अधिकारियों ने बिना पहले सूचना दिए ही रविवार को करीब दस घंटे का लंबा बिजली कट लगा दिया, जिससे पूरे दिन उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। निगम कर्मचारियों ने रविवार को बस स्टैंड रोड स्थित पुराने तारों को बदल उनकी जगह नये तार लगाए हैं जिसके लिए बिजली बाधित की गई थी। इस दौरान दुकानदारों शहरवासियों का कार्य प्रभावित होता दिखाई दिया।
बिजली निगम अधिकारी दिल चाहा जब अघोषित बिजली कट लगा देते हैं। इससे चाहे उपभोक्ताओं को कितनी भी परेशानी होती रहे। रविवार को भी बस स्टैंड पर पुराने तार बदलने का मरम्मत कार्य करने के लिए निगम ने अघोषित बिजली कट लगा दिया। सुबह करीब 9 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक बिजली को बाधित रखा गया। लोगों को कट के कारण का पता नहीं होने से काफी परेशानी दिखाई दी। लोग पूरे दिन अपना काम इनवर्टर से करते रहे लेकिन लंबा कट लगने से दोपहर तक इनवर्टर की सीटी भी बज गई। जिसके बाद लोगों की परेशानी शुरू हो गई। वहीं अगर निगम कर्मचारियों को बिजली बाधित कर कार्य करना होता है तो उससे पहले दिन उपभोक्ताओं को सूचित करना होता है। वहीं निगम एक्सईएन रणबीर सिंह ने बताया कि उनके कर्मचारियों ने बस स्टैंड रोड के सभी पुराने टूटे तारों को बदल उनकी जगह नये तार लगाए हैं। आगे से बिजली कट लगाने से पहले उपभोक्ताओं को सूचित किया जाएगा।