खानपुर में 280 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
कैथल|श्री गोबिंदसिंह खेल स्टेडियम पट्टी अफगान खानपुर में बुधवार को जिला अखाड़ा प्रतियोगिता हुई। जिला कुश्ती संघ कैथल के अध्यक्ष मेजर सिंह मलिकपुर और जिला खेल और युवा कार्यक्रम अधिकारी सुधीर बेदी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें जिला कुमार और जिला केसरी के लिए कुश्ती कराई गई। जिला कुमार में 62 से 74 आयु वर्ग और जिला केसरी के लिए 74 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला केसरी विजेता को 3100 रुपए, द्वितीय को 2100 रुपए और जिला केसरी के विजेता को 2100 रुपए द्वितीय को 1100 रुपए ईनाम दिया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 280 पहलवान भाग ले रहे हैं और सभी के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई। आज खेले गए कुश्ती मुकाबलों में कई मुकाबले हुए। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 11 दिसंबर को खेले जाएंगे। जिला केसरी के सेमीफाइनल में संदीप प्यौदा, सन्नी हरिसिंह अखाड़ा, गुरदीप फूला अखाड़ा चीका, प्रदीप फूला अखाड़ा चीका पहुंचे हैं। जिला कुमार के सेमीफाइनल मुकाबले में अमन हरिसिंह अखाड़ा, विक्रम हनुमान अखाड़ा कैथल, नरेश प्यौदा हरिसिंह अखाड़ा और अनिल हरिसिंह अखाड़ा कैथल पहुंचे हैं। इस अवसर पर सुरेंद्र पहलवान, रघबीर सिंह, सतबीर पहलवाल, वकील क्योड़क, अमरनाथ चीका, जसविंद्र जांगड़ा कोच, सुरेंद्र पाडला कोच, सोमबीर भीम अखाड़ा, सुरेश कुमार श्योकंद, रामकुमार और अन्य कोच खिलाड़ी पहुंचे थे।