धान के मूल्य में 300 रुपए की गिरावट
गुहला चीका | एशियाकी प्रमुख चीका अनाज मंडी में जैसे-जैसे धान की आवक बढ़ती जा रही है वैसे-वैसे 1509 किस्म की धान का भाव भी कम होता जा रहा है जिस कारण किसानों में भारी मायूसी छाई हुई है। जानकारी के अनुसार जहां मंडी में आने वाली धान में लगभग 90 प्रतिशत धान पंजाब के किसानों द्वारा लाई जा रही है, जिसमें 1509 किस्म की बारिक धान की आवक ज्यादा है। वहीं लोकल किसानों द्वारा केवल 10 प्रतिशत ही धान मंडी में लाई जा रही है। पंजाब से 1509 किस्म की बारिक धान लेकर आए किसानों पदम सिंह, करनैल सिंह, हरमीत सिंह, सितारा खान, गुरचरण, सुखी, हाखम सिंह, पलविंद्र पहल सिंह आदि ने बताया कि चीका मंडी में 1509 किस्म की धान अन्य मंडियों की अपेक्षा तेज बिकने की वजह से वे यहां धान लेकर आए थे, परंतु धान के खरीददारों द्वारा धान के भावों में आज लगभग 300 रुपए क्विंटल की गिरावट करके उनकी धान को 2500 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा गया है, जबकि उक्त धान कल 2800 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी थी, जिसके चलते पंजाब से धान लेकर आने वाले किसानों को भारी आर्थिक नुकसान सहन करना पड़ रहा है।