उड़नदस्ते ने किया कई स्कूलों का दौरा
गुहला चीका | हरियाणाविद्यालय शिक्षा बोर्ड की चल रही 10वीं 12वीं की परीक्षाओं के चलते बुधवार उपमंडल नागरिक उड़नदस्ते द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका, कन्या स्कूल, भागल, दाबा, आदर्श निकेतन पीडल आदि स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का दौरा कर औचक निरीक्षण किया। उडऩदस्ते के सदस्य गोपी चंद निम्बरान ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के किए गए दौरे के दौरान जहां उन्होंने केंद्रों में तैनात अधीक्षकों को नकल रहित परीक्षा कराने के आदेश जारी किए गए हैं, वहीं परीक्षाओं के दौरान बच्चों को किसी भी प्रकार की आने वाली परेशानी के बारे में भी पूछताछ की गई। निबंरान ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लगी हुई है तथा किसी भी शरारती तत्व को इस दौरान परीक्षा केंद्रों के समीप आने-जाने की कोई अनुमति नहीं है। निंबरान ने बताया कि आज जिन परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया है, वहां सभी जगह बच्चे शांतिपूर्वक ढंग से अपनी परीक्षा देते पाए गए और कोई भी बच्चा नकल करता नहीं पकड़ा गया। उन्होंने बच्चों का आह्वान किया कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल आदि करे क्योंकि यदि कोई बच्चा नकल करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिससे नकल करने वाले बच्चे का भविष्य भी खराब हो सकता है। इस अवसर पर उनके साथ उड़नदस्ते की सदस्य गुरजीत कौर भी मौजूद थी।