- Hindi News
- आदर्श आचार संहिता में दिए गए निर्देशों की अनुपालना करें सभी बैंक : राजेश
आदर्श आचार संहिता में दिए गए निर्देशों की अनुपालना करें सभी बैंक : राजेश
विधानसभाचुनावके दृष्टिगत बैंकों में व्यवसाय से अलग किसी भी व्यक्ति द्वारा नियमित प्रक्रिया से हटकर अधिक पैसे को बैंक से निकालने से संबंधित जानकारी गुहला विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी को दें ताकि समय रहते इसकी सूचना व्यय पर्यवेक्षक तक पहुंचाई जा सके।
चुनाव प्रचार के दौरान किए जाने वाले खर्च की अदायगी चेक द्वारा की जानी है, अत: सभी चेक बैंकों के माध्यम से ही ड्रा होने हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम गुहला राजेश कुमार ने आज अपने कार्यालय में बैंकर्स की बैठक में बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में विभिन्न राजनीतिक दलों के बैंकों से प्रतिदिन किए जाने वाले लेनदेन पर विशेष नजर रखें।
बैंकों को असामान्य रूप से 10 लाख या इससे अधिक कैश की निकासी जमा होने पर इसकी रिपोर्ट रोजाना प्रशासन को देनी होगी। इसके अतिरिक्त असामान्य परिस्थितियों में एक बैंक से दूसरे बैंक में चुनाव प्रक्रिया के दौरान कैश के ट्रांसफर पर भी नजर रखनी होगी। इस दौरान किसी भी राजनीतिक दल द्वारा एक लाख से अधिक नकद कैश जमा करना और निकासी पर विशेष नजर रखनी होगी। बैंक यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी परिस्थिति में एक बैंक से दूसरे बैंक में किसी थर्ड पार्टी या एजेंसी द्वारा कैश का ट्रांसफर होने पाए। यदि बैंक को भी ऐसे कैश को ट्रांसफर करने की नौबत आए तो बैंक द्वारा जारी पत्र दस्तावेज साथ होने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति द्वारा आमतौर पर पूरे साल बैंक से जितनी राशि से नियमित रूप से लेन-देन किया जाता है और चुनाव प्रचार के दौरान एकाएक उस खाते में बड़ी राशि का लेन-देन शुरू हो जाता है, तो उसके बारे में भी आगाह रहते हुए आरओ को सूचित किया जाए। बैठक में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार महेन्द्र सिंह, बीडीपीओ चीका नवनीत कौर बीडीपीओ सीवन संजय टांक सहित उपमंडल में स्थित सभी बैंकों के बैंक कोऑर्डिनेटर मौजूद थे।